झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से हुई शुरुआत
रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में राज्यपाल को पारंपरिक सम्मान के तहत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद सचिव अविनाश कुमार ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया और कहा कि यह बजट सत्र राज्य के विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि बजट सत्र केवल आय-व्यय का आंकड़ा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह राज्य की विकास यात्रा का मार्गदर्शक दस्तावेज होता है, जो आने वाले वर्षों की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला रखता है। इस सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। इस बजट के माध्यम से राज्य की वित्तीय प्राथमिकताओं, विकास योजनाओं, सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण की रूपरेखा तय की जाएगी। राजनीतिक हलकों में इस सत्र को लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है, क्योंकि आगामी बजट से राज्य की आर्थिक दिशा, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण उन्नयन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है।