राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरने का किया ऐलान
राजकीय होमियोपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी (गोड्डा) के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 24 जुलाई 2026 से शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है। इस संबंध में छात्रों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को लिखित सूचना भी सौंप दी है।
छात्रों द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि वे सभी राजकीय होमियोपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी में अध्ययनरत हैं। कॉलेज में कई वर्षों से शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे छात्रों की पढ़ाई, प्रशिक्षण और भविष्य प्रभावित हो रहा है।
छात्रों का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए समय-समय पर संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं सक्षम पदाधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लगातार उपेक्षा के कारण छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
छात्रों की प्रमुख मांगें
- शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति।
- ओपीडी विभाग की कमी को दूर किया जाए।
- लैब उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाए।
- नियमित बिजली एवं पानी की व्यवस्था की जाए।
- एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
- इंटर्नशिप प्रशिक्षण शुल्क एवं इंटर्न छात्रावास की व्यवस्था की जाए।
- ओपीडी विभाग में मॉडर्न मेडिसिन कंसल्टेंट की नियुक्ति की जाए।
छात्रों ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संविधान सम्मत होगा। धरने के दौरान किसी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़, सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून-व्यवस्था बाधित करने जैसी कोई गतिविधि नहीं की जाएगी।
छात्रों ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है। छात्रों के अनुसार, समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 24 जुलाई 2026 से महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है।
इस संबंध में होमियोपैथिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक पासवान ने बताया कि कॉलेज की मान्यता समाप्त नहीं की गई है। कॉलेज की अंदरूनी कमियों को 30 दिनों के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया गया है और 30 दिन पूरे होने से पहले महाविद्यालय में मौजूद कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से महाविद्यालय में कुछ नियुक्तियां की जानी हैं। सड़क की सुविधा के लिए उपायुक्त, गोड्डा से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी।
📄 छात्रों द्वारा सौंपे गए पत्र की PDF
छात्रों द्वारा दिए गए मांग पत्र को PDF में देखने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।
📄 PDF पत्र देखें ⬇ PDF डाउनलोड करें