बिहार चुनाव 2025: ‘तेजस्वी प्रण’ के साथ महागठबंधन का घोषणा पत्र जारी, सरकारी नौकरी से लेकर फ्री बिजली तक 25 बड़े वादे

तेजस्वी प्रण: बिहार चुनाव 2025 में महागठबंधन के 25 बड़े वादे
तेजस्वी यादव बिहार चुनाव घोषणा पत्र

तेजस्वी प्रण: बिहार चुनाव 2025 में महागठबंधन के 25 बड़े वादे

संक्षेप: बिहार चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र को 'तेजस्वी प्रण' नाम दिया गया है। इसमें सरकारी नौकरी, पेंशन और 200 यूनिट फ्री बिजली जैसी घोषणाएं शामिल हैं।

पटना। बिहार चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन ने मंगलवार को पटना के मौर्या होटल में अपना घोषणा पत्र जारी किया। ‘तेजस्वी प्रण’ नाम के इस मेनिफेस्टो को महागठबंधन के सभी सहयोगी दलों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किया गया। कार्यक्रम में आरजेडी, कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी और अन्य घटक दलों के नेता मौजूद रहे।

महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, “यह सिर्फ वादों का नहीं बल्कि दिलों का संकल्प है। हम इन प्रणों को पूरा करने के लिए अपने प्राण भी झोंक देंगे।” उन्होंने नीतीश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा ने नीतीश कुमार को केवल एक पुतले के रूप में एनडीए में रखा है।”

महागठबंधन के मेनिफेस्टो के 25 बड़े वादे

  1. रोजगार और सरकारी नौकरी: सरकार बनने के बाद 20 दिनों में हर सदस्य को नौकरी देने का अधिनियम लाया जाएगा और 20 महीने के भीतर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
  2. कम्युनिटी मोबिलाइज़र (CM) दीदी: CM दीदियों को सरकारी दर्जा और ₹30,000 मासिक वेतन दिया जाएगा। लिए गए ऋण पर ब्याज माफ़ होगा।
  3. जीविका कैडर भत्ता: जीविका दीदियों को ₹2,000 मासिक भत्ता मिलेगा।
  4. संविदाकर्मी स्थायित्व: सभी संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा।
  5. उद्योग एवं रोजगार सृजन: IT पार्क, SEZ, कृषि उद्योग, ग्रीन इंडस्ट्री आदि के ज़रिए रोजगार सृजन।
  6. पुरानी पेंशन योजना: OPS (Old Pension Scheme) को फिर से लागू किया जाएगा।
  7. माई-बहिन मान योजना: महिलाओं को हर महीने ₹2,500 सहायता राशि।
  8. सामाजिक सुरक्षा पेंशन: वृद्ध, विधवा, दिव्यांग जनों के लिए ₹1500 से ₹3000 तक पेंशन।
  9. मुफ्त बिजली: हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली।
  10. माइक्रोफाइनेंस नियंत्रण: महिलाओं की प्रताड़ना रोकने हेतु नया नियामक कानून और सहारा निवेशकों के लिए SIT।
  11. स्वास्थ्य बीमा: ₹25 लाख तक का मुफ्त जन स्वास्थ्य बीमा।
  12. प्रतियोगी परीक्षा सुधार: परीक्षा शुल्क और यात्रा मुफ्त, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून।
  13. शिक्षा: गरीब छात्रों को टैबलेट, हर 70 किमी पर नया विश्वविद्यालय।
  14. किसानों के लिए कदम: फसल और किसान बीमा योजना, मखाना उद्योग को बढ़ावा।
  15. कानून व्यवस्था: अपराध और महिला उत्पीड़न मामलों में त्वरित कार्रवाई और विशेष न्याय व्यवस्था।
  16. महिला सुरक्षा: महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा, पीरियड अवकाश और मातृत्व अवकाश का अधिकार।
  17. सामाजिक न्याय: आरक्षित पदों के बैकलॉग भरना और छोटे ठेकों में 50% आरक्षण।
  18. शराबबंदी नीति समीक्षा: कानून की समीक्षा और सुसंगत नीति का निर्माण।
  19. गरीब परिवारों के लिए: ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
  20. ग्रामीण विकास: हर घर तक सड़क, जल निकासी, पेयजल और सामुदायिक भवन।
  21. लेबर गणना: श्रमिकों की गणना, प्रवासी श्रमिकों के लिए कल्याण विभाग और "बिहार मित्र केंद्र" की स्थापना।
  22. पंचायत प्रतिनिधि: मानदेय दुगुना, बीमा ₹50 लाख, पूर्व प्रतिनिधियों को पेंशन।
  23. PDS वितरक: वितरकों को मानदेय और अनुकंपा सीमा में सुधार।
  24. पारंपरिक पेशेवर समुदाय: नाई, माली, लोहार आदि को ₹5 लाख ब्याज रहित ऋण।
  25. दिव्यांग विकास कार्यक्रम: दिव्यांग विभाग का गठन, विशेष भर्ती, लोन व मिल्क बूथ योजना।

महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, जबकि वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है। गठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, लेफ्ट के तीन दल (सीपीआई-एम, सीपीआई, सीपीएम), वीआईपी और आई.पी. गुप्ता की पार्टी शामिल है।

सीट वितरण: आरजेडी 143, कांग्रेस 62, वीआईपी 15, सीपीआई-एमएल 20, सीपीएम 6, सीपीआई 4 और आई.पी. गुप्ता की पार्टी 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

रिपोर्ट: संदीप, लाइव हिन्दुस्तान, पटना

MD ASIF EQUBAL

Md Asif Equbal एक समर्पित संवाददाता और पत्रकार हैं, जो समाज, शिक्षा और स्थानीय खबरों को सरल और सटीक तरीके से पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे तथ्यपरक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग में विश्वास रखते हैं और हर खबर को समय पर प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Previous Post Next Post

ads

ads

نموذج الاتصال